घर से फरार हुई दुल्हन मामले में नया खुलासा, विवाहिता ने ससुरालियों पर जड़े ये आरोप
punjabkesari.in Friday, Oct 06, 2023 - 07:19 PM (IST)

खन्ना : खन्ना के श्री माछीवाड़ा साहिब से कैश-जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन के मामले में नया खुलासा सामने आया है। एक तरफ जहां ससुरालियों ने दुल्हन को लुटेरी दुल्हन करार देकर घर से फरार होने के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी तरफ दुल्हन ने भी अब हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अपने ससुर के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। दरअसल ससुरालियों ने दुल्हन पर घर से भागने का आरोप लगाया था। वहीं अब दुल्हन ने हिमाचल में कांगड़ा जिले की धर्मशाला पुलिस के पास ससुर के खिलाफ रेप केस दर्ज करा मामले में नया मोड़ ला दिया है। दुल्हन का कहना है कि उसके ससुर ने उसके साथ रेप किया है और इस बारे उसने अपने पति को बताया तो उन्होंने मुझे चुप रहने के लिए कहा।
विवाहिता के आरोप हैं कि उसके पति ने शादी से पहले बताया था कि घर में वह और उसकी बुआ रहते हैं। मगर, बाद में पता चला कि घर में उसका पति जतिन और ससुर चरणजीत दोनों रहते हैं। उसका कहना है कि पति ने उसे मुंह बंद रखने को कहा तथा कहा गया कि यह सब सहना पड़ेगा। धमकी दी गई कि मुंह खोला तो उसकी 3 वर्षीय बेटी और उसे जान से मार दिया जाएगा, जिसके बाद वह काफी डर गई थी।
और जब वह अपने मायके आ गई तो उसके ससुराल वालों ने अगले दिन मीडिया में उसकी बदनामी कर दी और आरोप लगाया कि वे जेवरात और नकदी लेकर भाग गई है। इसी कारण उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस के पास इंसाफ की गुहार लगानी पड़ी। जिसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 506ए के तहत ससुर चरणजीत सिंह निवासी पवात के खिलाफ जीरो नंबर एफआईआर दर्ज करने के बाद अगली जांच के लिए पंजाब पुलिस को भेजी है तथा पुलिस ने अगली जांच शुरू कर दी है।