NRI महिला ह'त्याकांड, आरोपी सुखजीत सिंह से जांच में मिले बड़े सबूत
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 01:35 PM (IST)

लुधियाना (राज): एन.आर.आई. रूपिंदर कौर हत्याकांड में आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ सोनू का 3 दिन का पुलिस रिमांड खत्म हुआ जिसके बाद उसे फिर से अदालत पेश किया गया। आरोपी से पूछताछ और जांच दौरान पुलिस को कई अहम खुलासे हो रहे हैं जिसमें जांच दौरान पुलिस को पता चला है कि चरणजीत सिंह के कहने पर आरोपी सुखजीत सिंह ने महिला का एक जाली आधार कार्ड भी बनवाया था। उस आधार कार्ड पर फर्जी पता लिखवाया था जबकि रूपिंदर कौर के असल दस्तावेजों पर अमरीका का पता लिखा हुआ है।
इसके अलावा आरोपी सुखजीत सिंह के बैंक खातों में रूपिंदर कौर ने कई ट्रांजैक्शन्स की थी। वहीं, पुलिस को पता चला है कि जिस कमरे में आरोपी ने महिला को जलाया था। वह बिल्कुल खराब हो गया था। उसने उसे ठीक करवाने के लिए मिस्त्री लगाए थे। अंदर आग से काली हुई दीवारों पर पेंट करवाया था और नीचे फर्श की टाइलें भी बदलवा दी थी ताकि किसी तरह का कोई शक न हो।
जानकारी के अनुसार इंगलैंड में रहने वाले चरणजीत सिंह की मुलाकात रूपिंदर कौर से मैट्रीमोनियल वैबसाइट पर हुई थी। दोनों ने शादी करने के बारे में सोच लिया। चरणजीत ने शादी का झांसा देकर रूपिंदर को भारत बुला लिया था। चरणजीत की बातों में आकर अक्तूबर 2024 में रूपिंदर भारत आई थी और उसकी मुलाकात सुखजीत से हुई। मई 2025 में रूपिंदर वापस अमरीका लौट गई। इसके बाद 1 जून 2025 को वह दोबारा भारत आई और चरणजीत के परिचितों से मिलीं। थाना डेहलों के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल बेसबाल का डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस इस मामले कई पहलुओं पर जांच करने में जुटी है, जल्द ही कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here