पुलिस एनकाउंटर में मारे गए रणजीत सिंह का परिवार आया सामने, लगाए आरोप
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 05:50 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंद्र गोराया, हरमन): सरहदी इलाके दुरांगला के गांव आदियां में पुलिस चौकी पर हुए हमले में दो पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले के बाद आज सुबह पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर में मारे गए युवक रणजीत सिंह के परिवार वाले और गांव के लोग कैमरे के सामने आए। गांव आदियां में इकट्ठा हुए लोगों ने मृतक की मां सुखविंदर कौर और परिजन हरविंदर सिंह की मौजूदगी में गंभीर आरोप लगाए कि रणजीत सिंह को पुलिस घर से उठाकर ले गई थी और बाद में उसका फर्जी एनकाउंटर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को झूठे मामले में फंसाया गया और उसके साथ अन्याय किया गया है।

परिवार ने मांग की है कि जिन पुलिस अधिकारियों या कर्मचारियों की इस घटना में भूमिका है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके बेटे को न्याय दिलाया जाए। गांववासियों ने भी परिवार के समर्थन में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले डीआईजी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि कुछ दिन पहले सरहदी क्षेत्र में दो पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से एक रणजीत सिंह एनकाउंटर के दौरान मारा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने फरार होने के बाद पुलिस पार्टी पर फायरिंग की थी, जिसके जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि अब परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। एक तरफ पुलिस इसे मुठभेड़ की कार्रवाई बता रही है, तो दूसरी तरफ परिवार इसे फर्जी एनकाउंटर करार दे रहा है। मामला अब चर्चा का विषय बन गया है और लोग निष्पक्ष जांच का इंतजार कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

