पुलिस ने सुलझाया बुजुर्ग दम्पति को बंधक बनाकर लूटने का मामला, 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 07, 2023 - 12:42 PM (IST)

लुधियाना : आलमगीर स्थित बुजुर्ग दम्पति को घर में बंधक बनाकर गन प्वाइंट पर हुई डकैती के मामले को थाना डेहलों की पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी हैबोवाला की एकता विहार कालोनी का शिवम तांगड़ी और चंदर नगर का रहने वाला हरमीत सिंह उर्फ हन्नी है जोकि प्राइवेट बैंक में बतौर रिकवरी एंजैंट काम करते थे। आरोपियों से 3 मोबाइल, एक खिलौना पिस्तौल, रॉड, 40 हजार कैश और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
प्रैसवार्ता में पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि दशमेश एन्क्लेव में जसपाल सिंह और इंद्रजीत कौर नामक बुजुर्ग दम्पति अकेला रहता है। उनके बेटे विदेश में रहते हैं। 2 मार्च को प्रात: करीब 6 बजे 2 नकाबपोश युवक उनके घर के अंदर घुस गए थे जिन्होंने खिलौना पिस्तौल दिखाकर दम्पति को बंधक बना लिया था और घर से 1.37 लाख रुपए, मोबाइल छीनकर उन्हें कमरे में बंद कर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया व एस.एच.ओ. परमदीप सिंह ने साइंटिफिक ढंग से जांच शुरू कर दी थी।
दम्पति के रिश्तेदार के घर आते-जाते थे दोनों आरोपी
सी.पी. सिद्धू ने बताया कि दम्पति के घर के नजदीक ही उनका एक रिश्तेदार रहता है। उस उक्त आरोपी उसके जानकार थे। उसी के साथ उक्त आरोपी दम्पति के रिश्तेदार के घर पर आते-जाते थे जहां पर अक्सर बातें होती थी कि दम्पति घर में अकेला ही रहता है। उनके बेटे विदेश में रहते हैं और वहां से माता-पिता को खर्चा भेजते हैं। इसके बाद से दोनों आरोपियों ने दम्पति के घर पर लूट करने की योजना बनाई।
एक महीने की जांच के बाद दबोच गए आरोपी
इस मामले में पुलिस को एक सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज मिली थी लेकिन दूर होने के कारण उसमें कुछ भी स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल डम्प उठाया और इसके बाद दम्पति और उनके रिश्तेदारों से पूछताछ की जिसके बाद पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे जिसके बाद दोनों आरोपियों को उनके घरों से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहले की कोई वारदात सामने नहीं आई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here