'तुम जलन बरकरार रखना, हम हमारे जलवे बरकरार रखेंगे' पूर्व मंत्री आशु की पत्नी की पोस्ट से गरमाई सियासत

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 09:11 PM (IST)

लुधियाना  (विक्की):  हल्का वेस्ट के अधीन आती लायंस क्लब रोड के चल रहे निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े करने वाले कांग्रेस पार्षद पति इंदरजीत इंदी पर पुलिस की ओर से दर्ज किए गए मामले के बाद शहर की सियासत में इन दिनों हलचल तेज है। इस श्रृंखला में मंगलवार शाम को पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी और पूर्व पार्षद ममता आशु की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हल्का वेस्ट की राजनीति को फिर से चर्चा का विषय बना दिया है। दरअसल ममता आशु की पोस्ट में उन्होंने इंदरजीत इंदी vs संजीव अरोड़ा लिखते हुए एक तस्वीर सांझा की जिसने  राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी। 

ममता आशु ने पोस्ट के साथ तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा“औकात नहीं है आँख से आँख मिलाने की और बात करते हैं हमारा नाम मिटाने की। वहीं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के साथ इंदी की शेयर की गई तस्वीर पर भी बकायदा संदेश लिखा कि 
“तुम जलन बरकरार रखना, हम हमारे जलवे बरकरार रखेंगे”
को सीधे तौर पर सियासी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि इंद्रजीत सिंह इंदी हाल ही में एक विवाद को लेकर चर्चा में रहे हैं, लेकिन ममता आशु की इस पोस्ट ने उस विवाद को एक बड़े राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में ला खड़ा किया है। यह पोस्ट साफ तौर पर इंदी के समर्थन और मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ सियासी लाइन खींचने के रूप में देखी जा रही है।

खास बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम का असर लुधियाना के वेस्ट हलके की राजनीति पर भी नजर आने लगा है। यह इलाका पहले से ही राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जाता है और यहां नेताओं के बीच सीधी टक्कर की स्थिति अक्सर बनती रही है।  राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ममता आशु की यह पोस्ट सिर्फ एक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा भी हो सकती है, जिसके जरिए कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि पार्टी अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।

सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और समर्थकों के बीच इसे लेकर प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। इस पोस्ट ने न सिर्फ  विवाद को नया मोड़ दिया है, बल्कि लुधियाना की खासकर वेस्ट हलके की राजनीति में नई गर्माहट भी भर दी है। आने वाले दिनों में यह सियासी तकरार किस दिशा में जाती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News