पंजाब सरकार ने डेरा बाबा नानक में कोरिडोर का नींव पत्थर रखने की तैयारियां शुरू की

punjabkesari.in Saturday, Nov 24, 2018 - 05:45 PM (IST)

जालंधर (धवन): करतारपुर साहिब के लिए कोरिडोर बनाने के लिए नींव पत्थर रखने की तैयारियां पंजाब सरकार ने शुरू कर दी हैं। नींव पत्थर डेरा बाबा नानक में अन्तर्राष्ट्रीय सीमा के निकट ‘दर्शन अस्थान’ नामक जगह पर रखा जाना है। अभी तक इस दर्शन अस्थान से श्रद्धालु दूर से ही करतारपुर साहिब गुरुद्वारे को नमन करते आ रहे हैं। 26 नवम्बर सोमवार को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कैबिनेट मंत्रियों व अधिकारियों की डयूटियां लगाते हुए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने आज पुन: कहा कि करतारपुर साहिब कोरिडोर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके व्यक्तिगत आग्रह के बाद मंजूरी दी है जिसके लिए समूची पंजाब सरकार उनका आभार व्यक्त करती है। 

सरकारी सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट मंत्री सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने गुरदासपुर जिला प्रशासन, सीमा सुरक्षा बल तथा अन्य सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद तालमेल बनाया हुआ है। भारत तथा पाकिस्तान दोनों ने श्री करतारपुर साहिब कोरिडोर बनाने का ऐलान कर दिया है। कोरिडोर को जाने वाले रास्ते को चौड़ा किया जाएगा तथा साथ ही मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने इस कार्य को जल्द से जल्द सम्पन्न करने के लिए निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि सोमवार को होने वाले नींव पत्थर रखने के कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह, उनके कैबिनेट सहयोगी तथा सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंध रखते विधायकों के भाग लेने की संभावना है। सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बड़े स्तर पर सुरक्षा  को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। 

श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को देखते हुए भारत सरकार ने भी अपनी तरफ से कोरिडोर बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी थी। पंजाब सरकार पूरा वर्ष श्री गुरु नानक देव जी से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम करने जा रही है, जो 2019 में 23 नवम्बर तक जारी रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News