Punjab : फिल्मी स्टाइल में वारदात! पिस्टल के दम पर पेट्रोल भरवाकर भागे बदमाश
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 11:37 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पठानकोट में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर 3800 रुपये का पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नंगलभूर थाना क्षेत्र के कौंतरपुर स्थित एक हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर सफेद रंग की कार में सवार चार युवक पहुंचे। उन्होंने करीब 3800 रुपये का पेट्रोल भरवाया। जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी आगे लगे नाके पर अपनी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना बीती रात की बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

