पंजाब पुलिस का DSP हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Thursday, Dec 07, 2023 - 03:18 PM (IST)

फिरोजपुर : पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर के डी.एस.पी. सिटी सुरिंदर बांसल को उनकी सरकारी रिहायश से बुधवार को हिरासत में लिया। पता चला है कि उच्च अधिकारियों पर आधारित टीम ऑफिसर कॉलोनी स्थित डी.एस.पी. बांसल की सरकारी रिहायश पर आई और बांसल को हिरासत में लेते हुए उनके पूरे घर की तलाशी ली गई। इसके बाद अधिकारियों की टीम उन्हें अपने साथ लुधियाना ले गई।
अपने ही विभाग के एक इंस्पेक्टर सहित 10 पुलिसकर्मियों के तस्करों और गैंगस्टरों से संबंध होने का खुलासा करने के बाद चर्चा में आए डी.एस.पी. सुरिंदर बांसल को बुधवार को 7 लाख रुपए के लेनदेन के एक पुराने मामले में हिरासत में लिया गया है। उन पर पैसे लेकर केस रफा-दफा करने का आरोप है।
तीन महीने पहले एस.एस.पी. दीपक हिलौरी ने जिले के कुछ पुलिस अधिकारियों के ड्रग तस्करों से संबंध होने की संभावना को देखते हुए जांच शुरु करवाई थी। इस मामले में जिले के कुछ पुलिस थानों के प्रमुखों को भी जांच के घेरे में शामिल करने की बात कही गई थी। डी.एस.पी. बांसल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को इस जांच का हिस्सा भी माना जा रहा है।
जानें क्या है पूरा मामला
वहीं पुलिस ने फिरोजपुर के विवादित डी.एस.पी. सुरिंदरपाल बांसल और उसके कथित कलेक्शन एजेंट पूर्व सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार का पर्चा भी दर्ज कर लिया गया है। डी.एस.पी. बांसल पर आरोप है कि उन्होंने अपने एजेंटों के जरिए भ्रष्टाचार करते हुए काफी रकम इकट्ठा की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.पी. रणधीर कुमार आई.पी.एस. ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरिंदरपाल बांसल डी.एस.पी. सिटी फिरोजपुर एक बहुत ही भ्रष्ट अफसर है। उसने बतौर डी.एस.पी. सिटी फिरोजपुर होते हुए अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वैध-अवैध काम करने के बदले अपने खास एजेंट गुरमेज सिंह पुत्र रफीक निवासी कोठी राय साहिब, कैनाल कॉलोनी, फिरोजपुर कैंट के जरिए लोगों को गुमराह कर रिश्वत लेने-देने का काम किया। वह गुरमेज और अपने अन्य साथियों के जरिए रिश्वत इकट्ठा करता था। इसी वर्ष 10 मई को गुरमेज के खिलाफ थाना कैंट में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। डी.एस.पी. ने गुरमेज को गलत तरीके से निर्दोष साबित कर मामला रफा-दफा कर दिया था। डी.एस.पी. की शह पर गुरमेज सारे गलत धंधे करता था।
गुरमेज ने डोलियांवाला मोहल्ला के रहने वाले टारजन शर्मा पुत्र कमल कुमार से उसका केस रद्द करवाने के लिए 15 हजार लिए थे। टारजन और गुरमेज के बीच मोबाइल पर काफी बातचीत होती थी। इस सारी बातचीत की ऑडियो पुलिस के पास है। उसमें भी डी.एस.पी. सुरिंदर बांसल का नाम लिया जा रहा है। पुलिस ने गुरमेज और डी.एस.पी. के बीच गूगल-पे और बैंक खाते में ट्रांसफर हुई रकम के सबूत भी इकट्ठा किए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here