Punjab: श्रीमद भागवत कथा में पहुंचे तरुण चुघ, लिया आशीर्वाद
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 07:09 PM (IST)
अमृतसर: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने अमृतसर स्थित श्री आत्मानंद आश्रम विश्वनाथ मंदिर (रूप नगर गेट, भक्तावाला) में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के पावन अवसर पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कथा स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद भी लिया।

चुघ ने इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत स्वरूप है। ऐसे आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब इस प्रकार के धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का संचार करते हैं।
चुघ ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के भव्य आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और सद्भावना को मजबूत करते हैं। चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है और देश में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों का भी उल्लेख किया और कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना भी है।
चुघ ने अंत में देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति के लिए प्रार्थना की तथा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं आयोजकगण उपस्थित रहे और सभी ने इस पावन आयोजन का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता दविंदर हीरा, मंडल अध्यक्ष टहल सिंह, भाजपा नेता शंकर लाल, यशपाल लाटी, अरुण कुमार, रमन मेहता, करन उपस्थित हुए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

