OMG: पंजाबी युवक का America में कांड, पत्नी की ह+त्या कर रच डाली खौफनाक साजिश

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 02:58 PM (IST)

पंजाब डेस्कः अमेरिका में पंजाबी मूल के एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। मामला कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो का है, जहां जैसमीन गिल अचानक लापता हो गई थीं। उनके पति गुरिंदर गिल ने दावा किया कि अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE के अधिकारी उन्हें अपने साथ ले गए हैं। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ, कुछ दिन पहले मिली एक जली हुई महिला की लाश की पहचान जैसमीन के रूप में होने के बाद पुलिस ने गुरिंदर को गिरफ्तार कर लिया।

4 दिन बाद दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत
जैसमीन को आखिरी बार 30 सितंबर को उनके घर पर देखा गया था। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। 4 अक्टूबर को उनके चचेरे भाई ने पुलिस से संपर्क कर उनकी गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस ने तलाश शुरू की तो जांच के दौरान पति के बयान भी जांच के दायरे में आ गए।

मेलबॉक्स से डाक निकालते समय गायब होने का दावा
गुरिंदर ने पुलिस को बताया था कि जैसमीन घर के बाहर मेलबॉक्स में डाक देख रही थीं, तभी ICE के अधिकारी आए और उन्हें हिरासत में लेकर चले गए। पुलिस ने जब संबंधित एजेंसी से इसकी पुष्टि की, तो वहां से ऐसी किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने इस दावे को लेकर जांच आगे बढ़ाई। 1 अक्टूबर को एल्डोराडो काउंटी में एक जली हुई महिला का शव मिला था। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट के बाद पता चला कि वह जैसमीन गिल थीं। इसके बाद पुलिस ने गुरिंदर से जुड़े तथ्यों की जांच की और 16 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच संबंध अच्छे नहीं थे और तलाक के साथ बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह विवाद हत्या की वजह बना। पुलिस ने आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर छापेमारी कर सबूत जुटाए हैं। गुरिंदर को सैक्रामेंटो काउंटी की मुख्य जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News