Gangsters से मिल रही धमकियों के बीच पंजाबी सिंगर ने शेयर की बेटे के साथ पहली तस्वीर
punjabkesari.in Monday, Aug 29, 2022 - 01:48 PM (IST)

चंडीगढ़ : मशहूर गायक मनकीरत औलख इन दिनों कई विवादों में घिरे हुए हैं। दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से वह लगातार सुर्खियों में हैं। हालांकि पंजाब पुलिस ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी लेकिन बंबीहा गैंग की तरफ से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते वह विदेश चले गए हैं।
हाल ही में मनकीरत औलख ने अपने 2 महीने के बच्चे के साथ एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है, जिसे उनके फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। मनकीरत औलख ने रविवार को यह तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वह अपने नवजात बेटे का हाथ पकड़े हुए हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ एक प्यारा सा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा है, "सिमरन, सबर, शुक्र.. सतनाम वाहेगुरु जी।" औलख की इस पोस्ट को अब तक लाखों लाइक्स और कमेंट्स मिल चुके हैं।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले मनकीरत औलख ने एक प्राइवेट चैनल को इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उन्होंने चैनल पर बताया कि विक्की मिड्डूखेड़ा की मौत के कुछ समय बाद ही उन्होंने शादी कर ली। इसके बाद जब सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई तो उसे जबरन हत्या में घसीटा गया। उस समय मेरी पत्नी 9 महीने की गर्भवती थी, जिसके चलते मैं विदेश चला गया। हमारे घर में जून के महीने में एक बच्चे का जन्म हुआ।