Rain Alert: होली के दिन बारिश को लेकर बड़ी Update, पढ़ें मौसम की ताजा Update
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 02:13 PM (IST)
चंडीगढ़: मार्च माह की शुरुआत होते ही मौसम और साफ हो गया है और होली के त्योहार तक तेज धूप और साफ आसमान बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। बता दें कि होली अब केवल दो दिन दूर है और त्योहार तक मौसम साफ रहने से शहरवासियों को राहत मिलेगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बुधवार, 4 मार्च को मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। दिन धूप वाला रहेगा और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के प्रमुख सुरिंदर पाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में दिन के समय तेज धूप बनी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड रहती है, लेकिन दोपहर के समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह और मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। फिलहाल बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। मौसम साफ रहने के कारण होली के रंगों पर मौसम का कोई असर पड़ने की संभावना नहीं है।
डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय अधिक देर तक धूप में रहने से बचना चाहिए। इस दौरान ज्यादा से ज्यादा पानी पीना जरूरी है, ताकि शरीर हाइड्रेट बना रहे। साथ ही होली खेलते समय त्वचा और आंखों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। त्वचा संबंधी समस्याओं से बचने के लिए रासायनिक रंगों की बजाय प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग करना बेहतर रहेगा। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

