जालंधर में डॉक्टर के घर फायरिंग का मामला, विदेश से मिला था टारगेट! हुआ सनसनीखेज खुलासा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 11:38 AM (IST)

जालंधर (वरुण): जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने संतोखपुरा में पशुपालन विभाग के डॉक्टर यशपाल के घर पर अंधाधुंध फायरिंग करने के मामले को सुलझाते हुए दोनों बदमाशों को बटाला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों पिस्टल, बाइक तथा फायरिंग की वीडियो बनाने वाला मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार मंगलवार को मामले का खुलासा प्रैस कॉन्फ्रैंस के जरिए किया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगालते हुए करतारपुर, सुभानपुर, ब्यास, रईया और बाबा बकाला के गांव तरसिक्का तक पहुंचीं। बताया जा रहा है कि आरोपी धार्मिक झंडे लगाकर बाइक पर फरार हुए ताकि उन्हें श्रद्धालु समझकर नाकों पर न रोका जाए। ब्यास टोल प्लाजा के सी.सी.टी.वी. कैमरों में उनकी तस्वीरें कैद हुईं। पुलिस ने करीब 250 सी.सी.टी.वी. कैमरों की जांच के बाद बटाला स्थित उनके ठिकाने का पता लगाया और सोमवार रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार आरोपियों को विदेश में बैठे किसी व्यक्ति से डॉक्टर यशपाल के घर फायरिंग करने का टारगेट मिला था। डील कितनी रकम में हुई, यह जांच का विषय है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों के पास और भी हथियार हो सकते हैं, इसलिए पूछताछ जारी है। इस संबंध में जब मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डी.सी.पी. से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात करीब 1.45 बजे संतोखपुरा में बाइक सवार 2 बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर रुककर उनकी गाड़ी और मकान पर करीब 10 राऊंड फायर किए थे। एक आरोपी फायरिंग कर रहा था, जबकि दूसरा उसकी वीडियो बना रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले में थाना 8 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। शुरूआती जांच में इसे रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन डॉक्टर को किसी प्रकार की फिरौती कॉल नहीं आई थी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के बाद बड़े खुलासे हो सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News