Jalandhar में फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 10:37 AM (IST)
जालंधर(सोनू): शहर में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। ताजा घटनाक्रम ने अभिभावकों, छात्रों और स्कूल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी
जानकारी के अनुसार, डीपीएस स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई है। मेल में दावा किया गया है कि स्कूलों को निशाना बनाया जाएगा, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।इतना ही नहीं, इसी ईमेल में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। मेल भेजने वालों ने खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताया है और इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
स्कूलों और आसपास के इलाकों में बढ़ा दी सतर्कता
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 16 मार्च को भी शहर के चार प्रमुख स्कूल—एपीजे स्कूल (रामा मंडी), दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीटी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल—को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे। उस समय भी बड़े हमले का दावा किया गया था, जिसमें बैसाखी के दिन हमले की योजना का जिक्र था।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां ईमेल की जांच में जुटी हुई हैं और साइबर टीम की मदद से भेजने वालों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

