नोबल फाऊंडेशन लुधियाना ने दिया इस बार की राहत का योगदान

punjabkesari.in Monday, Dec 16, 2019 - 08:19 AM (IST)

जालन्धर(जोगिन्द्र संधू): पाकिस्तान की शह पर चलाए जा रहे आतंकवाद कारण जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों का जीवन पटरी से उतर गया है। इस आतंकवाद कारण ही कश्मीर घाटी से हजारों पंडित परिवारों को अपने घर-कारोबार छोड़ कर सुरक्षित ठिकानों पर जाना पड़ा तथा फिर आज तक उनकी घर वापसी नहीं हो सकी।  इस कहर की मार सारे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आ पड़ी तथा अभी भी यह काली आंधी शांत नहीं हुई।

पाकिस्तान द्वारा भारतीय नागरिकों को निशाना बनाने के लिए दूसरा घातक रास्ता गोलीबारी का अपनाया गया। पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा गत तीन दशकों से भारतीय क्षेत्रों में गोलीबारी की जा रही है जिस कारण सीमांत लोगों का जानी व माली नुक्सान भी हुआ तथा उन्हें लगातार मुश्किलों व खतरों का सामना करना पड़ रहा है। सीमांत क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों व आतंकवाद पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने के उद्देश्य से ही पंजाब केसरी पत्र समूह द्वारा गत 20 वर्षों से एक विशेष राहत अभियान चलाया जा रहा है।  इस अभियान के तहत 539वें ट्रक की राहत सामग्री गत दिवस सांबा सैक्टर के रामगढ़ क्षेत्र से संबंधित गांवों के प्रभावित परिवारों के लिए भिजवाई गई थी।
इस बार की राहत सामग्री का योगदान नोबल फाऊंडेशन लुधियाना द्वारा दिया गया था जिसमें फाऊंडेशन के चेयरमैन श्री रजिन्द्र शर्मा ने बहुमूल्य  सहयोग दिया। सामग्री भिजवाने के इस पवित्र कार्य में फाऊंडेशन की फाइनांस कंट्रोलर श्रीमती रश्मि शर्मा, अनीता शर्मा, फाऊंडेशन के डायरैक्टर अरुण थापर, सुभाष सचदेवा, रजनीश आहूजा, केशो राम विज तथा नवीन भाटिया ने भी अहम भूमिका निभाई।

राहत सामग्री के इस ट्रक को गत दिवस हुए शहीद परिवार फंड के 116वें समागम के मौके पंजाब केसरी पत्र समूह के मुख्य संपादक श्री विजय कुमार चोपड़ा जी द्वारा रवाना किया गया था। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सोमप्रकाश, पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़, संसद सदस्य जसवीर सिंह डिम्पा, मेजर जनरल आर.के.सिंह, विश्व कैंसर केयर के कुलवंत सिंह धालीवाल व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी भी मौजूद थे।
इस ट्रक की राहत सामग्री में 300 परिवारों के लिए प्रति परिवार 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, एक किलो चीनी, एक किलो घी, 250 ग्राम चायपत्ती, एक पैकेट नमक, एक सैट नहाने वाला साबुन, एक किलो कपड़े धोने वाला साबुन, एक किलो साबुत मूंग तथा चने की दाल, एक पैकेट माचिस के अलावा धनिया, जीरा, हल्दी व मिर्च (प्रत्येक 250 ग्राम) शामिल थे।

राहत टीम के प्रमुख योग गुरु श्री वरिन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सामग्री वितरण के लिए जाने वाले सदस्यों में लुधियाना से श्री रजिन्द्र शर्मा, अनीता शर्मा, रश्मि शर्मा, विजयपुर से पंजाब केेसरी के प्रतिनिधि अजय कुमार, जम्मू से भाजपा की महिला नेत्री मुनीरा बेगम, शमीमा बानो के अलावा भारत विकास  परिषद जम्मू के ओम प्रकाश बख्शी, रणधीर सिंह रायपुरिया, जगदीश सिंह सलाथिया व रजिन्द्र सिंह सलाथिया भी शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News