School गई 9वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा 7 दिन से लापता: CCTV में एक्टिवा सवार युवक ले जाता दिखा
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 02:05 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के फुल्लांवाल इलाके से सरकारी स्कूल में पढ़ने गई 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 7 दिन बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक छात्रा को एक्टिवा पर ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद थाना सदर पुलिस ने अपहरण की धारा लगाने के बजाय केवल गुमशुदगी की हल्की धारा में मामला दर्ज कर खानापूर्ति की है।
छुट्टी के बाद सभी बच्चे दोपहर 2:00 बजे जा चुके थे घर
लापता छात्रा की मां डॉली ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी मानवी फुल्लांवाल स्थित सरकारी हाई स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा है। बीते 10 अगस्त की सुबह करीब 7:00 बजे वह रोजाना की तरह तैयार होकर पैदल स्कूल गई थी। आमतौर पर वह दोपहर 2:30 बजे तक घर लौट आती थी, लेकिन उस दिन जब वह समय पर घर नहीं पहुंची, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने तुरंत स्कूल जाकर पूछताछ की, जहां स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छुट्टी के बाद सभी बच्चे दोपहर 2:00 बजे ही घर जा चुके थे। परिजनों ने जब आसपास के इलाके और स्कूल के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में एक अज्ञात युवक उसकी बेटी को अपने साथ एक्टिवा पर ले जाता हुआ दिखाई दिया। परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक नाबालिग मानवी को स्कूल के बाहर से बहला-फुसलाकर और झांसा देकर अपने साथ ले गया है।
एक सप्ताह से अधिक समय के बाद बच्ची का कोई सुराग नहीं
मां ने बताया कि वह घटना वाले दिन ही शाम करीब 5:30 बजे थाना सदर में शिकायत लेकर पहुंची थीं और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सहित पूरी जानकारी दी थी। परिजनों का आरोप है कि स्पष्ट सुराग और फुटेज होने के बावजूद पुलिस ने दो दिन बाद यानी 12 अगस्त को मामला दर्ज किया और उसमें भी अपहरण की धारा के बजाय सिर्फ गुमशुदगी का मामला दर्ज कर ढीला रवैया अपनाया। एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नाबालिग बच्ची का कोई सुराग न मिलने से परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर और उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मामले में तुरंत अपहरण की धारा जोड़ी जाए और सीसीटीवी में दिख रहे एक्टिवा सवार संदिग्ध युवक की पहचान कर बच्ची को सकुशल बरामद किया जाए।

