गाड़ी के बंपर में छुपाकर रखी थी 8 किलो हैरोइन, आतंकवादी के साथी सहित 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Apr 04, 2021 - 10:16 AM (IST)

होशियारपुर/दसूहा(राकेश): पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 तस्करों को काबू कर उनसे 8 किलो हैरोइन बरामद की। एस.एस.पी. नवजोत सिंह माहल ने प्रैस कॉन्फ्रैंस के दौरान बताया कि एस.पी. (डी) रविंदर पाल सिंह संधू, ए.एस.पी. गढ़शंकर तुषार गुप्ता, डी.एस.पी. प्रेम सिंह की निगरानी में सी.आई.ए. इंचार्ज शिव कुमार व उनकी टीम ने माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर गांव ठुआणा में नाकाबंदी के दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी (नंबर एच.आर.26 सी.डी. 0072) की चैकिंग करने पर 8 किलो हैरोइन बरामद की। 

उन्होंने बताया कि तस्करों ने यह हैरोइन रेडिएटर के आगे बंपर में बनाए गए गुप्त खाने में छुपा कर रखी हुई थी। तस्करों ने यह हैरोइन पंजाब व अन्य राज्यों में भेजनी थी। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी निवासी चन्नणवाल थाना महिल कलां, बरनाला, मनप्रीत सिंह उर्फ काला व जगदीप सिंह उर्फ सोनी निवासी गांव बलवेड़ा थाना सदर पटियाला के रूप में हुई है। सुखविंदर उर्फ सुक्खी नामी आतंकवादी दया सिंह लहौरिया का साथी है।

सुखविंदर उर्फ सुक्खी से दिल्ली में भारी मात्रा में बरामद हुआ था आर.डी.एक्स.
एस.एस.पी. ने बताया कि सुखविंदर उर्फ सुक्खी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें से 2 केस यू.ए.पी.ए. एक्ट के अंतर्गत दिल्ली व रोपड़ में दर्ज हैं। उससे दिल्ली में भारी मात्रा में आर.डी.एक्स. बरामद हुआ था। इससे वर्ष 2007 में सिधवां बेट में 6 किलो हैरोइन व 4 पिस्टल बरामद हुई थीं और यह वर्ष 2019 में जमानत पर आया हुआ था। सुक्खी पाकिस्तान में धार्मिक स्थानों की यात्रा के लिए जाता था, जिससे वहां नशा तस्करों से उसके संबंध बने, जिनसे वह हैरोइन मंगवा कर आगे भारत में सप्लाई करता था। प्राथमिक जांच में पता चला कि सुक्खी एक ड्रग तस्कर अमरीक सिंह निवासी सरहिंद रोड पटियाला के साथ मिलकर नशे की तस्करी का धंधा करता था व अमरीक पैसों से मदद भी करता था। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर थाना माहिलपुर में एन.डी.पी.एस. एक्ट का केस दर्ज किया गया है।

20 लाख रुपए ड्रग मनी, 5 किलो डोडे सहित 3 गिरफ्तार
जिला पुलिस ने दूसरे मामले में चैकिंग के दौरान एक स्कार्पियो गाड़ी से 20 लाख रुपए कैश ड्रग मनी, 5 किलो डोडे चूरा-पोस्त सहित 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एस.एस.पी. ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ होशियारपुर ने टी-प्वाइंट गरना साहिब के नजदीक नाकाबंदी कर स्कार्पियो (नंबर पी.बी-13-बी.ई-3737) की चैकिंग के दौरान उसकी स्टैपनी से 20 लाख रुपए कैश ड्रग मनी व गाड़ी के मैट के नीचे से 5 किलो डोडे चूरा-पोस्त बरामद की। 

उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार व्यक्तियों की पहचान सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा, फुम्मन सिंह उर्फ काली व शिंदर पाल सिंह उर्फ शिंदा निवासी बुर्ज हसन थाना बिलगा जिला जालंधर के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि ये तीनों श्रीनगर में डोडे चूरा-पोस्त की खरीद-फरोख्त के लिए जा रहे थे। इन तीनों के खिलाफ थाना दसूहा में एन.डी.पी.एस. एक्ट का केस दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News