धर्मसोत की गिरफ्तारी के बाद मंत्री के नाम पर मुलाजिमों को धमकाने की Audio Viral

punjabkesari.in Wednesday, Jun 08, 2022 - 09:13 AM (IST)

चंडीगढ़ (रमनजीत): पूर्व वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत को मंगलवार सुबह विजीलैंस ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है। इसमें चल रही 2 लोगों की बातचीत में एक को वन विभाग का मुलाजिम बताया जा रहा है, जबकि उसे धमकाने वाला शख्स खुद को पूर्व मंत्री और उसके ओ.एस.डी. की ‘नेक कमाई’ को इन्वैस्ट करने वाला बता रहा है। 

पूर्व मंत्री धर्मसोत की गिरफ्तारी के बाद वायरल हुई इस ऑडियो क्लिप का संबंध पटियाला से बताया जा रहा है। पता चला है कि यह ऑडियो कुछ महीने पुरानी है, जिसे सत्ता में तबदीली होने के बाद पीड़ित वन विभाग मुलाजिम द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान की भ्रष्टाचार विरोधी हैल्पलाइन पर शेयर किया गया था। सूत्रों के मुताबिक विजीलैंस ब्यूरो द्वारा उक्त ऑडियो की जांच शुरू कर दी गई है क्योंकि उक्त ऑडियो क्लिप में धमकाने वाला शख्स स्पष्ट तौर पर कह रहा है कि व न सिर्फ मंत्री व उसके ओ.एस.डी. की नेक कमाई को संभालता है, बल्कि उसका निवेश भी सही तरीके से करता है। वह यह भी दावा कर रहा है कि जितने भी डी.एफ.ओ., रेंज अफसर व ब्लॉक लैवल अधिकारी ट्रांसफर करवाने के लिए आते हैं, उनकी अर्जी पर मंत्री व ओ.एस.डी. के तभी दस्तखत होते हैं, जब वह (धमकाने वाला) उन्हें नेक कमाई पहुंचने का इशारा करता है।

जानकारी के मुताबिक विजीलैंस ब्यूरो द्वारा पूर्व वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत के लिए गए पुलिस रिमांड के दौरान उन्हें उक्त ऑडियो क्लिप के बारे में भी पूछा जाएगा क्योंकि विजीलैंस द्वारा पूर्व मंत्री के साथ-साथ उनके ओ.एस.डी. के तौर पर काम करने वाले चमकौर सिंह व खन्ना के रहने वाले एक शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है। विजीलैंस यह पता लगाना चाह रही है कि उक्त ऑडियो क्लिप वाला व्यक्ति दोनों में से किस ओ.एस.डी. की बात कर रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News