युवक को जान से मारने की नीयत से चलाई गोलियां, 5 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 09:59 AM (IST)

तरनतारन (रमन): पट्टी शहर में एक युवक की हत्या करने की नीयत से उस पर गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना सिटी पट्टी की पुलिस ने 2 नामजद सहित 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिवदीप सिंह पुत्र किशन गोपाल, निवासी वार्ड नंबर 7 पट्टी ने बताया कि 13 नवम्बर की रात करीब 9.40 बजे वह अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान अचानक हवाई फायर होने की आवाज सुनाई दी। जब उसने घर के बाहर देखा तो बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर 3 युवक सवार थे। 

इनमें से 2 की पहचान रणजीत सिंह उर्फ लड्डी पुत्र जरनैल सिंह, निवासी ज्वाला ज्योति मंदिर के नजदीक वार्ड नंबर 4 पट्टी तथा मनी उर्फ कट्टा पुत्र परमजीत सिंह, निवासी पट्टी के रूप में हुई। रणजीत सिंह के हाथ में पिस्तौल और मनी के हाथ में दातर था, जबकि तीसरा अज्ञात युवक मोटरसाइकिल चला रहा था। इसके अलावा दूसरी बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर 2 नकाबपोश युवक सवार थे, जिनके हाथों में भी दातर थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार रणजीत सिंह उर्फ लड्डी ने ललकारते हुए जान से मारने की नीयत से उस पर सीधा फायर कर दिया। उसने तुरंत नीचे बैठकर अपनी जान बचाई और गोली उसके सिर के ऊपर से निकल गई। आरोपी ने दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्तौल अटक जाने के कारण फायर नहीं हो सका। जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर सभी आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए हथियारों सहित फरार हो गए। इस संबंध में डी.एस.पी. पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता शिवदीप सिंह के बयानों के आधार पर रणजीत सिंह उर्फ लड्डी, मनी उर्फ कट्टा तथा 3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News