Hoshiarpur : ग्रामीणों का पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा ! गुस्साए लोगों ने किया हाईवे जाम
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 08:32 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): स्थानीय बुड्ढाबड़ चौक में आज गांव निकूचक्क के निवासियों द्वारा हाजीपुर पुलिस के खिलाफ न्याय न मिलने के कारण रोष प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया गया। इस धरने के कारण सड़क के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिसके कारण अत्यधिक गर्मी में आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निकूचक्क के एक परिवार ने बीते 27 जून को हाजीपुर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुलिस स्टेशन दसूहा के अंतर्गत आने वाले एक गांव का लड़का उनकी लड़की को ब्लैकमेल कर रहा है। परिवार ने उक्त लड़के के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पत्र दिए जाने के 7 दिन बीत जाने के बावजूद भी जब पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो गुस्से में आए पीड़ित परिवार ने ग्रामीणों के सहयोग से आज बुड्ढाबड़ चौक में धरना लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि आरोपी लड़के को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। करीब दो घंटे चले इस हंगामे के दौरान हाजीपुर पुलिस द्वारा दो बार प्रदर्शनकारियों को समझाने और मनाने की कोशिश की गई। आखिरकार पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई करके न्याय दिलाने का पक्का आश्वासन दिए जाने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।


