अंतर जिला चोरी और लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:49 AM (IST)
शाहकोट (अरशदीप): जालंधर देहात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर-जिला स्तर पर चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डी.एस पी. शाहकोट सरवण सिंह बल्ल के नेतृत्व तथा थाना लोहियां के एस.एच.ओ. सुखजिंदर सिंह खेहरा की निगरानी में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 वारदातों का खुलासा किया। डी.एस.पी. बल्ल ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने गांव सीचेवाल के श्मशानघाट के पास संदेह के आधार पर सचदेव सिंह उर्फ सच और हरमनजोत सिंह उर्फ हम्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल, दो दातर (धारदार हथियार) तथा 30 हजार नकदी बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना लोहियां में एफ.आई.आर. नंबर 129 के तहत बी.एन.एस. की धारा 304 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही थाना सदर नकोदर और थाना शाहकोट में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गांव सीचेवाल में 4, थाना लोहियां क्षेत्र में 5, सदर नकोदर में 1, शाहकोट-मलसियां क्षेत्र में 11 तथा थाना सुल्तानपुर लोधी के डल्ला और पवित्र वेईं क्षेत्र में 6 वारदातों को अंजाम दिया है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 27 वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा कर गिरोह की गतिविधियों का पर्दाफाश किया है।
डी.एस.पी. ने बताया कि आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। उन्होंने दोहराया कि शाहकोट पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

