Jalandhar: सरपंच पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी का Encounter, दोनों तरफ से चलीं गोलियां
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 09:51 AM (IST)
जालंधर (शौरी): जालंधर में सरपंच पर हमला करने वालों का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात गांव मेहतपुर के घुम्मण पैलेस के पास मोटरसाइकिल सवार को जैसे ही पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो युवक ने पुलिस से बचने हेतु पिस्तौल से गोली चला दी। हालांकि पुलिस के जवान बच गए, लेकिन जबाबी कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने सरकारी पिस्तौल से मोटरसाइकिल सवार पर हॉफ एनकाउंटर करते हुए गोली चलाई। गोली युवक के दाएं पैर में लगी और वह घायल हो गया।

इस दौरान पुलिस ने युवक को काबू कर लिया। वहीं मौके पर डी.एस.पी शाहकोट सुखपाल सिंह व थाना मेहतपुर के एस.एच.ओ. पंकज कुमार पहुंचे और घायल हालात में युवक सुखजीत कुमार उर्फ शीलू (22) पुत्र सुखजिंदर राम निवासी गांव खोखेवाल गांव बिलगा को उपचार हेतु नकोदर के सरकारी अस्पताल दाखिल करवाया। जानकारी देते हुए डी.एस.पी. सुखपाल सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को गांव बुटे दिया छन्ना मेहतपुर में कुछ अज्ञात लोगों ने जिनके मुंह कपड़े से बंधे हुए थे। उक्त लोगों ने गांव के सरपंच महिंद्र सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था। गंभीर हालत में सरपंच को जालंधर के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
डी.एस.पी. सुखपाल सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि सरपंच पर हमला गांव के रहने वाले अमनदीप राजा ने करवाया था जिसकी महिंद्र के साथ चुनावी रंजिश थी और उसने प्लानिंग के तहत उस पर हमला करवाया। पुलिस ने इस केस को ट्रेस किया और जांच में पता चला कि सुखजीत कुमार ने सरपंच पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपी सुखजीत को काबू करने के लिए ट्रैप लगा रखा था। आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई और पुलिस ने जवाब में हॉफ एनकाऊंटर कर दिया। डी.एस.पी. सुखपाल सिंह ने बदमाशों को चेतावनी देते कहा कि वह यह तो इलाका छोड़ दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

