Ludhiana में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से ह+त्या: CCTV फुटेज में कैद हुआ हमला

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 09:12 AM (IST)

लुधियाना (राज): कंगनवाल इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक 22 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। कत्ल की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर युवक धीरज पर ताबड़तोड़ वार करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। थाना सहनेवाल की पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर 3 आरोपियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है।

हमलावरों ने धीरज पर किए बेरहमी से कई वार 
जानकारी के अनुसार, मृतक धीरज कुमार कंगनवाल इलाके में अपने चाचा के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि इलाके के ही कुछ युवकों के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प और लड़ाई हुई थी। इसी रंजिश को मन में रखते हुए आरोपियों ने धीरज को अकेला पाकर उस पर हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने धीरज पर बेरहमी से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत धीरज को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और परिवार में मातम का माहौल है।

 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी 
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कंगनवाल पुलिस चौकी के इंचार्ज करमजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है, जिसमें हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो रही है। पुलिस ने फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News