4 राज्यों में 1500 कि.मी. तक पीछा कर 3 वांटेड गैंगस्टरों समेत 7 आरोपी दबोचे

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2020 - 12:03 PM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): पंजाब पुलिस ने जिला अमृतसर (ग्रामीण) के गांव उमरपुरा के पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह के कत्ल समेत कई मामले सुलझा लेने का दावा किया है। पुलिस ने चार राज्यों में 1500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तीन वांटेड गैंगस्टरों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने बताया कि पंजाब की ऑर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट की टीम ने पंजाब से शुरू करते हुए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक पीछा करते हुए तीन कुख्यात बदमाशों को राजस्थान के जिला पाली से गिरफ्तार किया। डी.जी.पी. ने कहा कि ताजा मामले में पुलिस टीम ने हरमन भुल्लर निवासी उमरपुरा अमृतसर, बलराज सिंह उर्फ बूरी बसंतकोटीया निवासी बसंतकोट गुरदासपुर और हरविंदर संधू निवासी पंडोरी वड़ैच अमृतसर को गिरफ्तार किया। यह सभी आरोपी अमरीका आधारित गैंगस्टर पवित्तर सिंह द्वारा चलाए जा रहे आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं। इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले लंबित हैं। डी.जी.पी. ने बताया कि इनकी निशानदेही पर एक 30 बोर का पिस्तौल, दो 32 बोर पिस्तौल, एक स्परिंगफील्ड राइफल और 18 कारतूस, 40 कारतूसों समेत 12 बोर गन, दो .315 बोर पिस्तौल, 2 कारें और 3 नकली आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।

डी.जी.पी. ने कहा कि हरमन भुल्लर ने हरमन सिंह के नाम पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय अम्बाला से हरियाणा के कुरुक्षेत्र पिहोवा के नकली पते से अपना नकली पासपोर्ट बनाने में भी सफलता हासिल की थी, जिसे वह अपनी पहचान छुपाने के लिए इस्तेमाल कर रहा था। उन्होंने बताया कि गांव उमरपुरा के 55 वर्षीय पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह को हरमन भुल्लर के नेतृत्व वाले हथियारबंद हमलावरों के एक समूह ने 1 जनवरी 2020 को उस समय गोली मार दी थी, जब वह गुरुद्वारे से घर लौट रहा था। 

गलती से चली गोली ने पकड़वाए आरोपी 
डी.जी.पी.  ने बताया कि रणबीर सिंह उर्फ लक्की निवासी गांव तीडा थाना मुल्लांपुर (एस.ए.एस. नगर) गोली लगने के कारण पी.जी.आई. में दाखिल हुआ था। जांच करने पर पता चला कि उसने 23 फरवरी 2020 को अचानक अपने आप को देसी हथियार से गोली मार ली थी। यह गोली उससे गलती से चल गई थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए कि उसको यह हथियार हरमन भुल्लर और सैक्टर-40 चंडीगढ़ निवासी उसके साथी हैरी बाजवा द्वारा मुहैया करवाया गया था। हैरी बाजवा द्वारा पिछले 2 महीनों से सैक्टर-40 चंडीगढ़ में हरमन भुल्लर को रहने का सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाया गया था। हैरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा पंजाब पुलिस ने इनका सहयोग करने के आरोप में उत्तराखंड से उनके 2 साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी तारापुर जिला मेरठ यू.पी. और गुरविंदर सिंह उर्फ खालसा निवासी बाजपुर को भी गिरफ्तार किया है। यह दोनों कत्ल, कत्ल की कोशिश, हथियार एक्ट आदि के मामलों में शामिल रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News