Neha Murder Case: करतारपुर SHO का तबादला, जांच अधिकारी निलंबित
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 04:55 PM (IST)
करतारपुर (सुनील): करतारपुर में नेहा की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में थाना करतारपुर के SHO का तबादला कर दिया गया है, जबकि मामले के जांच अधिकारी बोध राज को निलंबित कर दिया गया है। इसकी पुष्टि करतारपुर के डीएसपी नरेंद्र सिंह औजला ने की है।
जानकारी के अनुसार, गत 19 अगस्त को करतारपुर के स्थानीय बस्सी परिवार की बहू नेहा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि नेहा के पति और सास ने उसे जबरदस्ती बाथरूम साफ करने वाला टॉयलेट क्लीनर पिला दिया था। इसके बाद नेहा करीब 3 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझती रही और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई अमरीश कुमार भागियां और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया कि नेहा ने घटना को लेकर अपने बयान भी दिए थे। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। परिवार ने पुलिस पर मामले की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए थे।परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और मामले की जांच के दौरान सामने आई कथित लापरवाही के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए थाना करतारपुर के SHO का तबादला कर दिया है और जांच अधिकारी बोध राज को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल, करतारपुर पुलिस ने मृतका के भाई अमरीश कुमार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

