लुधियाना की मशहूर मार्केट में बैंक मैनेजर को सरेआम मारी गोली, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Friday, Sep 26, 2025 - 11:58 AM (IST)

लुधियाना : लुधियाना के फिरोज गांधी मार्केट में वीरवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक प्राइवेट बैंक के मैनेजर पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने सरेआम गोली चला दी। घायल मैनेजर विशाल बांसल, जो पक्खोवाल रोड स्थित विशाल नगर के निवासी हैं, को घायल अवस्था में पहले सिविल अस्पताल और फिर डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना रात करीब 9 बजे की है जब विशाल बांसल बैंक से छुट्टी के बाद अपनी कार में लैपटॉप और अन्य सामान रख रहे थे। उसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी और दूसरी गोली चलाने की कोशिश हमलावरों ने की, लेकिन पिस्टल मिसफायर हो गई। विशाल द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए, जिन्हें देख हमलावर मौके से फरार हो गए। घबराए साथियों ने तुरंत विशाल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली आर-पार हो गई है, और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मौके से एक खोल (कारतूस) बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, लेकिन पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here