''आपकी लड़की होटल के कमरा नंबर 105 में है...!'' मैसेज देखने के बाद Hotel पहुंचे परिवार के उड़े होश
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 10:26 AM (IST)
अमृतसर (संजीव): विवाह से इंकार करने पर युवती की हत्या करने का समाचार है। युवती का शव होटल के कमरे में से बरामद हुआ है। इस मामले में थाना मोहकमपुरा की पुलिस ने ऋतिक निवासी नीलोखेड़ी करनाल हरियाणा के विरुद्ध केस दर्ज किया है। सुखजिंदर सिंह ने बताया कि उसकी लड़की तरुणप्रीत कौर मार्च 2025 में स्टडी वीजा पर रूस गई थी, जहां उसकी दोस्ती आरोपी ऋतिक के साथ हो गई। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे मगर कुछ समय बाद इनमें झगड़ा रहने लगा और ऋतिक उसकी लड़की को विवाह के लिए मजबूर करने लगा। इसके बाद उसने उनकी लड़की के पासपोर्ट को फाड़ डाला। उन्होंने अपनी लड़की तरुणप्रीत कौर का व्हाइट पासपोर्ट तैयार करवाया और उसे वापस इंडिया बुला लिया।
कुछ समय बाद लड़का भी वापस इंडिया आ गया और उनकी लड़की के साथ संपर्क कर उसे विवाह के लिए मजबूर करने लगा, जब उन्हें पता चला कि लड़के पर पहले भी कुछ मामले दर्ज हैं तो उनकी लड़की पीछे हट गई। विगत सुबह उनकी लड़की एक्टिवा पर सवार होकर घर से यह कह कर निकली कि वह क्लास लगाने के लिए जा रही है, मगर वापस नहीं लौटी। बार-बार फोन पर संपर्क करने पर वह उनका फोन नहीं उठा रही थी। उसके साले अमृतपाल सिंह ने फोन कर बताया कि उसे ऋतिक का व्हाट्सएप मैसेज आया है कि उनकी लड़की होटल के कमरा नंबर 105 में है। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो उनकी लड़की मृत अवस्था में पड़ी थी और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। आरोपी ने उनकी लड़की की गला घोंटकर हत्या की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवा कर परिवार को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

